लखनऊ में रेलवे की जमीन पर बुलडोजर चला, 200 से अधिक अतिक्रमण ध्वस्त: UP encroachment drive
लखनऊ के मवैया रेलवे क्रॉसिंग (मिल रोड) के आसपास रेलवे प्रशासन ने बुधवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्थानीय पुलिस और प्रवर्तन अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर का इस्तेमाल कर नाले के किनारे और रेलवे की जमीन पर बने 200 से अधिक अस्थाई दुकानों और पक्के मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से सैकड़ों वर्गमीटर रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस अभियान में तिवारी होटल के पास से सरकारी जमीन पर किए गए कब्जों को हटाया गया। इसके बाद ब्रिज के नीचे, मछली मंडी और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास रेलवे की भूमि पर बने अवैध निर्माणों को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आरपीएफ ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलवे की कॉलोनियों और पटरियों के किनारे खाली पड़ी सरकारी जमीन पर लगातार अवैध कब्जे हो रहे थे, जिनमें अस्थायी दुकानों से लेकर पक्के मकान तक शामिल थे। रेलवे संपत्ति (गैर-कानूनी कब्जा) अधिनियम, 1966 के तहत यह कार्रवाई की गई है।
वहीं, इस अभियान से प्रभावित दुकानदारों और मकान मालिकों ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें किसी भी प्रकार का पूर्व नोटिस या सूचना नहीं दी गई थी। प्रभावित लोगों का कहना है कि वे वर्षों से इन छोटे कारोबारों के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे, और अचानक हुई इस कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।
अलीगढ़ गैंगरेप पर कांग्रेस का हल्लाबोल, BJP सरकार पर उठाए सवाल
छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता: कानपुर कोचिंग संस्थानों के लिए बनेगी हेल्प डेस्क
कानपुर में श्री जगन्नाथ रथयात्रा आज से शुरू, 216 साल पुरानी परंपरा का होगा निर्वहन
आगरा के जोया रिजॉर्ट पर GST टीम का छापा, ग्राहक बनकर पकड़ी कर चोरी; 1 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना
विश्व युवा कौशल दिवस पर प्रशिक्षार्थियों को मिले प्रमाणपत्र, विधायक ने की सराहना
Lucknow News: ईको गार्डन में सिपाही पर हमला, युवक को पकड़ना पड़ा महंगा
कानपुर में 16-22 जुलाई तक मनेगा भूजल सप्ताह, जल संरक्षण पर जोर
वर्मी कम्पोस्ट की बढ़ी मांग से पंचायतों की आय में इजाफा, जानिए कैसे
