Lucknow News: ईको गार्डन में सिपाही पर हमला, युवक को पकड़ना पड़ा महंगा
लखनऊ के आलमबाग स्थित ईको गार्डन में एक सिपाही पर जानलेवा हमला हुआ है। ड्यूटी पर तैनात सिपाही दिनेश प्रसाद यादव ने एक युवक को पार्क में दीवार फांदकर घुसते हुए पकड़ा था। पकड़े जाने के बाद आरोपी युवक ने अपने भाई और साथियों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक युवकों ने मिलकर सिपाही दिनेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सिपाही के हाथ, आंख के नीचे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। साथी जवानों ने किसी तरह बीच-बचाव कर सिपाही को बचाया। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने कृष्णा, उसके भाई और पांच-छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। यह घटना सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
