शाहजहांपुर में लापता नगर पंचायतकर्मी का शव मिला, हत्या की आशंका; परिवार ने की जांच की मांग
शाहजहांपुर में नगर पंचायत बंडा के एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। चार दिन पहले ड्यूटी के लिए घर से निकले कर्मचारी का शव शुक्रवार सुबह झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान भम्मापुर गांव निवासी अरवेश कुमार के रूप में हुई है, जो बंडा नगर पंचायत में आउटसोर्सिंग पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे।
अरवेश 13 जनवरी को अपनी बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वह बंद मिला। इसके बाद परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को संजयनगर गांव की ओर जाने वाले मार्ग किनारे झाड़ियों में अरवेश का शव मिला।
हत्या की आशंका जता रहा परिवार
शव मिलने की सूचना पर अरवेश के स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। अरवेश के भाई सुनील ने बताया कि शव के पास से उनकी बाइक गायब है। साथ ही, अरवेश की जेब में करीब तीन हजार रुपये थे, लेकिन मौके पर केवल 260 रुपये ही मिले।
पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर अरवेश के स्वेटर और जूते भी मिले हैं। परिवार का कहना है कि अरवेश के साथ शराब पीने के बाद किसी ने उनकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया है। अरवेश के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे पुलिस आशंका जता रही है कि गला दबाकर या जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की गई होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। अरवेश की मौत से उनकी पत्नी रुचि देवी और दो मासूम बेटियां (6 वर्षीय आरोही और 3 वर्षीय सुरभि) बेसहारा हो गई हैं।
