अमेरिका में फिर खूनी खेल! केंटकी यूनिवर्सिटी में गोलीबारी, एक छात्र की मौत, कैंपस में हड़कंप
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी (KSU) से सामने आया है, जहां 9 दिसंबर को दोपहर 3:35 बजे के आसपास कैंपस में गोलीबारी हुई। इस घटना ने पूरे विश्वविद्यालय परिसर में दहशत फैला दी। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की सूचना मिलते ही तुरंत आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे और पूरे कैंपस को सील कर दिया गया। फ्रैंकफर्ट पुलिस विभाग ने पुष्टि की कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
गोलीबारी की खबर फैलते ही छात्रों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और सोशल मीडिया पर लिखा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की। हालांकि, अभी तक पीड़ितों की पहचान और गोलीबारी के पीछे के मकसद का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही और जानकारी जारी होने की उम्मीद है।
