0

मथुरा में होली के विवाद पर खूनी संघर्ष, पथराव-फायरिंग में 6 घायल; 7 पर FIR दर्ज

By Mar 6, 2026

मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के सरदारगढ़ गांव में होली के दौरान हुए एक मामूली विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव किया। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह विवाद राहुल के चाचा और गौरव के बीच होली के दिन हुई कहासुनी से शुरू हुआ था। उस समय तो लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन बुधवार दोपहर गौरव ने अपने परिजनों के साथ मिलकर राहुल के चाचा के घर पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ पथराव किया और फायरिंग भी की। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर राया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात और सीओ महावन ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दिशान्त चौधरी, गौरव, रंजीत, कान्हा, पुष्पेन्द्र, हरवीर और सुखराम सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें