AI से अश्लील फोटो बनाकर युवती को ब्लैकमेल, 20 हजार वसूले
लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक युवती को अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने दोस्ती के बहाने युवती से फोटो और वीडियो लिए और फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उन्हें एडिट कर अश्लील बना दिया। इसके बाद 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई।
पीड़िता, जो मड़ियांव में एक निजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है, ने बताया कि 2 जून 2023 को एक पारिवारिक कार्यक्रम में आजमगढ़ के अल्लीपुर निवासी अजमत खान से उसकी मुलाकात हुई थी। अजमत ने उसका नंबर ले लिया और बातचीत शुरू कर दी। दोस्ती बढ़ने पर आरोपी ने युवती की कुछ तस्वीरें और वीडियो मांग लीं।
जब युवती ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू की, तो अजमत ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी हैक कर ली। उसने AI का इस्तेमाल कर युवती की कुछ तस्वीरों को एडिट कर उन्हें अश्लील रूप दिया। इसके बाद उसने पीड़िता को ये एडिटेड फोटो भेजकर 50 हजार रुपये की मांग की। पैसे न होने की बात कहने पर आरोपी ने फोटो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर आरोपी को 20 हजार रुपये दिए। बावजूद इसके, आरोपी और पैसों की मांग करता रहा और धमकी देता रहा। आखिरकार, पीड़िता ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर अजमत खान के खिलाफ रंगदारी, धमकी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने AI के दुरुपयोग और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
