0

बिहार: देसरी में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज? चिराग पासवान ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, जानिए क्या है मांग

By Dec 9, 2025

युवा लोजपा रामविलास के जिला प्रधान महासचिव रिपु कुमार ने देसरी में मेडिकल कॉलेज खोलने और देसरी स्टेशन के पास रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कराने सहित कई अन्य मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को एक मांग पत्र सौंपा है। इस मांग पत्र पर केंद्रीय मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने जिलाधिकारी वैशाली को पत्र भेजकर इस मामले में अपने स्तर से जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में देसरी में मेडिकल कॉलेज खोलने, देसरी स्टेशन के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराने, देसरी प्रखंड कार्यालय भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने और देसरी स्टेशन पर अप और डाउन साइड से सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दिलाने की मांग की गई है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्वयं केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर देसरी स्टेशन के पास रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कराने तथा देसरी रेलवे स्टेशन पर पुरबिया एक्सप्रेस, कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस एवं जनहित एक्सप्रेस सहित सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दिलाने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें