कनाडा में भारतीय महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, टोरंटो दूतावास ने खोला ‘वन स्टॉप सेंटर’ (Canada news)
टोरंटो स्थित भारतीय दूतावास ने कनाडा में रहने वाली भारतीय महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दूतावास ने ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर विमेन’ की शुरुआत की है, जो संकटग्रस्त भारतीय महिलाओं को तत्काल सहायता प्रदान करेगा। यह पहल कनाडा में एक 30 वर्षीय भारतीय महिला की संदिग्ध मौत के कुछ ही दिनों बाद की गई है, जिसमें उसका साथी मुख्य आरोपी है।
यह केंद्र विशेष रूप से भारतीय पासपोर्ट धारक महिलाओं को घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार, पारिवारिक कलह, परित्याग और कानूनी चुनौतियों जैसे मामलों में मदद देगा। दूतावास का उद्देश्य महिलाओं को समय पर और सही सहायता से जोड़ना है, ताकि वे कनाडा के स्थानीय कानूनों के अनुसार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
वन स्टॉप सेंटर के तहत कई तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इनमें तुरंत परामर्श, मनो-सामाजिक सहायता, कानूनी सलाह और कनाडा में संबंधित सामुदायिक सेवाओं तक पहुंच शामिल है। इसके अलावा, पैनल में शामिल गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के माध्यम से भावनात्मक समर्थन और भारत सरकार के नियमों के अनुसार वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।
यह पहल कनाडा में भारतीय समुदाय के बीच महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आई है। केंद्र 24×7 हेल्पलाइन के जरिए आपातकालीन कॉल को तुरंत संभालने की व्यवस्था भी प्रदान करता है, जिससे जरूरतमंद महिलाओं को तत्काल मदद मिल सके।
