0

यूपी के युवाओं के लिए बड़ा मौका! तकनीकी शिक्षा में बढ़ेगी पहुंच, खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

By Dec 11, 2025

उत्तर प्रदेश में तकनीकी शिक्षा का विस्तार करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से प्राविधिक शिक्षा विभाग ने ‘पॉलिटेक्निक चलो अभियान-2026’ चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी और रोजगार-उन्मुख शिक्षा से जोड़ना है, ताकि वे उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल हासिल कर सकें।

प्राविधिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव नरेंद्र भूषण की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति पर चर्चा की गई। विभाग ने पाया कि पिछले वर्षों में आवेदन संख्या में वृद्धि हुई है, लेकिन निजी क्षेत्र में अभी भी हजारों सीटें रिक्त रह जाती हैं। उदाहरण के लिए, 2024 में 4,12,759 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 4,25,993 हो गई। इसके बावजूद, निजी क्षेत्र में 75 हजार से अधिक सीटें खाली रहीं।

इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग ने डिजिटल माध्यमों का व्यापक उपयोग करने का निर्णय लिया है। युवाओं तक संदेश पहुंचाने के लिए आडियो-वीडियो कंटेंट का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि छात्रों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़े और आगामी सत्र में ऑनलाइन आवेदन संख्या में बड़ा इजाफा हो सके।

अभियान के तहत छात्रों को इंडस्ट्री-ओरिएंटेड डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। विभाग जल्द ही उद्योग आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू करेगा, जिनका उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करना और उन्हें तुरंत रोजगार योग्य बनाना है। पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और इंडस्ट्री-रेडी तैयारी को प्राथमिकता दी जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें