पंचायत चुनाव से पहले SP Agra में बड़ा बदलाव, अखिलेश ने PDA फॉर्मूले पर चुने नए अध्यक्ष
आगामी पंचायत चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने आगरा में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए नए जिला और महानगर अध्यक्षों की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने ऊदल सिंह कुशवाह को जिलाध्यक्ष और शब्बीर अब्बास अब्बास को महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने की रणनीति के तहत की गई हैं।
पार्टी ने छह महीने पहले 2 जून को आगरा जिला व महानगर कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इसके बाद से ही संगठन के कार्यकर्ता नई कार्यकारिणी के गठन का इंतजार कर रहे थे। निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा और महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार पिछले छह महीनों से संगठन के कार्यों को देख रहे थे।
सपा ने जिलाध्यक्ष पद के लिए ओबीसी वर्ग से आने वाले ऊदल सिंह कुशवाह को चुना है। वह कमला नगर के निवासी हैं और 2007 में आगरा पूर्व से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए शब्बीर अब्बास को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। शब्बीर अब्बास ने पिछले वर्ष ही सपा की सदस्यता ली थी और इससे पहले वह कांग्रेस व बसपा में भी रह चुके हैं।
इन नियुक्तियों को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पहले ही संकेत दे दिए थे। हाल ही में फतेहपुर सीकरी दौरे के दौरान उन्होंने शब्बीर अब्बास से मुलाकात की थी और उन्हें सम्मान देने का आश्वासन दिया था। इन दोनों नेताओं को अब आगामी पंचायत चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
