बलकेश्वर में झूलेलाल मंदिर में भंडारे का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
बलकेश्वर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर परिसर में एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र भर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में ‘जय झूलेलाल’ के जयकारों से भक्तिमय वातावरण छा गया। इस भंडारे में विशेष रूप से मीठे चावल, छोले और मिल्क रोज (मिष्ठान) का वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े प्रेम और उत्साह के साथ ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान, इष्टदेव भगवान झूलेलाल की प्रतिमा पर सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी, उपाध्यक्ष परमानंद आतवानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पमाला अर्पित कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। अशोक कोड़वानी, रमेश खोरेजा, रामचंद्र हंसानी, कन्हैया लोकवानी और आशीष खत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को झूलेलाल जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस सफल आयोजन में समाज के गणमान्य व्यक्तियों और भक्तों की सक्रिय सहभागिता रही। इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में एकता और भक्ति की भावना को बढ़ावा देते हैं।
