मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर बैंककर्मी ने किया दुष्कर्म, Agra Sex Crime
आगरा के शाहगंज क्षेत्र में एक युवती को मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर एक बैंककर्मी से दोस्ती महंगी पड़ गई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए और बाद में निजी तस्वीरों व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उसका यौन शोषण किया। इस घटना ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने शादी के लिए मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात जगदीशपुरा निवासी बैंककर्मी हिमांशु से हुई। आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर युवती को फतेहाबाद के एक होटल में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह मुकर गया और उसके निजी फोटो व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने लगा।
धमकी के बावजूद जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कहा कि उसे बीमारी है और वह बच्चे पैदा नहीं कर सकता। इसके बावजूद युवती शादी के लिए तैयार हो गई, लेकिन आरोपी सरकारी नौकरी के अनुसार दहेज मांगने लगा। पुलिस से शिकायत के बाद काउंसलिंग भी हुई, लेकिन आरोपी शादी के लिए राजी नहीं हुआ। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
