Agra News: युवक से बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर छीना मोबाइल, पुलिस जांच में जुटी
आगरा में अपराध की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के खंदारी चौराहे के पास एक युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई।
पीड़ित बबलू कुमार, जो दयालबाग के निवासी हैं, खंदारी चौराहे पर ठेके के पास खड़े थे। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। बदमाश तेजी से बाइक चलाते हुए भगवान टॉकीज की ओर भाग निकले। पीड़ित का आरोप है कि मोबाइल में उनका काफी महत्वपूर्ण डेटा था, जिसके खोने से उन्हें काफी नुकसान हो सकता है।
घटना के तुरंत बाद, पीड़ित ने पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
