कानपुर में बजरंग दल की प्रांतीय Kabaddi प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन 27 मुकाबले खेले गए
कानपुर के गोविन्द नगर स्थित श्री मुनि हिन्दू इंटर कॉलेज में बजरंग दल के बैनर तले प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज हुआ है। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के कई जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन 27 लीग मुकाबले खेले गए, जिसमें कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पहले दिन के लीग मैचों में कानपुर पश्चिम, कानपुर उत्तर, महोबा, हमीरपुर, उरई, फतेहपुर, झांसी ग्रामीण और कन्नौज जिलों की कबड्डी टीमों ने जीत दर्ज की। इन टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र ने किया। इस दौरान कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, प्रांत मंत्री राजू पोरवाल, बजरंग दल प्रांत संयोजक आचार्य अजीतराज और जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव वी.एस. गहलोत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने श्रीराम दरबार का पूजन और दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। इस दौरान वीर सिंह गहलोत, देवेंद्र त्रिपाठी, उमा, रागिनी और राघवेंद्र सिंह ने रेफरी की भूमिका निभाई।
