बिलासपुर में पति-पत्नी की लाश, दीवार पर लिपस्टिक से सुसाइड नोट: ‘आई लव यू शिवानी’
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सरकंडा क्षेत्र के भूकंप अटल आवास में रहने वाले प्रेम तांबे और नेहा उर्फ शिवानी तांबे नामक दंपति का शव उनके कमरे में मिला। प्रेम तांबे का शव पंखे से लटकता हुआ पाया गया, जबकि शिवानी का शव बिस्तर पर था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार दोपहर शिवानी की मां रीना तांबे उनके घर आईं। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उन्होंने धक्का देकर दरवाजा खोला, तो अंदर का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। कमरे में बेटी का शव बिस्तर पर और दामाद का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और फिर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तो कमरे की दीवार पर लिपस्टिक से लिखा एक सुसाइड नोट मिला। इसमें युवक प्रेम तांबे ने लिखा था कि उसने अपनी पत्नी को किसी अन्य युवक से बात करते हुए ऊर्जा पार्क के पास पकड़ा था। उसने अपनी और पत्नी की मौत का जिम्मेदार राजेश विश्वास नामक व्यक्ति को ठहराया और उसका मोबाइल नंबर भी दीवार पर लिख दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दंपति के बीच आए दिन झगड़े होते थे। युवक अक्सर अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह जताता था। पुलिस का मानना है कि चरित्र की शंका के चलते युवक ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस मामले की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगी।
घटना के समय बच्चों के स्कूल में होने के कारण वे इस खौफनाक मंजर से अनजान थे। जब उन्हें घर लाया गया और माता-पिता की मौत की खबर मिली, तो वे फूट-फूट कर रोने लगे। परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बच्चों को संभाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
