काठमांडू एयरपोर्ट पर खराब मौसम, तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लखनऊ डायवर्ट
नेपाल की राजधानी काठमांडू में शुक्रवार देर रात मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज बारिश और कम दृश्यता के चलते इन विमानों को उतरने की अनुमति नहीं मिली।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, काठमांडू एटीसी ने खराब मौसम को देखते हुए उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डे पर भेजने का निर्देश दिया। इसके बाद बैंकॉक, शारजाह और हांगकांग से आ रही तीन उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
बैंकॉक से आ रही थाई एयरवेज इंटरनेशनल की फ्लाइट संख्या टीजी-309 को काठमांडू में उतरने में असमर्थ होने पर लखनऊ डायवर्ट किया गया। इस विमान में 134 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे।
इसी तरह, शारजाह से काठमांडू आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट संख्या जी-9530 को भी काठमांडू एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली और इसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इस उड़ान में 173 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे।
हांगकांग से काठमांडू के लिए उड़ान भरने वाली कैथे पैसिफिक की फ्लाइट संख्या सीएक्स-603 भी काठमांडू एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। इस विमान में 311 यात्री और 7 क्रू सदस्य सवार थे, जिसे लखनऊ डायवर्ट किया गया।
