बच्चों से फायरिंग कराने का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
रुद्रपुर में एक समारोह में बच्चों से फायरिंग कराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इस घटना को संज्ञान में लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने साफ किया है कि इस तरह से बच्चों से फायरिंग करवाना एक गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा यह वीडियो गदरपुर थाना क्षेत्र के किसी समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में डीजे की धुन पर लोग नाच रहे हैं, वहीं कुछ लोग एक जगह इकट्ठा हैं। इसी बीच, दो बच्चे भी वहां मौजूद हैं। उनमें से एक बच्चे के हाथ में पिस्टल या रिवॉल्वर दिखाई दे रहा है, जिससे वह हवा में फायरिंग कर रहा है। वीडियो के वायरल होते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इस मामले पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि बच्चे से फायर कराना सरासर अपराध है। उन्होंने बताया कि वीडियो की सत्यता और घटना के स्थान की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी गई है। यदि यह वीडियो जिले की किसी भी घटना से संबंधित पाई जाती है, तो पुलिस तत्काल प्राथमिकी दर्ज करेगी। इसके साथ ही, संबंधित व्यक्ति के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध और लाइसेंसी असलहों का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ऐसे मामलों में पूर्व में भी कार्रवाई करती रही है, बावजूद इसके लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
पुलिस अब वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है, ताकि इस घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों को बेनकाब किया जा सके। इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के लिए भी एक गंभीर खतरा पैदा करती हैं।
