कानपुर में SGST अधिकारियों की मनमानी, व्यापारियों के दबाव में छोड़ना पड़ा वाहन | Kanpur News
कानपुर में एसजीएसटी (राज्य वस्तु एवं सेवा कर) अधिकारियों की कथित मनमानी का मामला सामने आया है। दिल्ली से वैध कागजात और ई-वे बिल के साथ कानपुर पहुंचे एक मालवाहक वाहन को अधिकारियों ने दो दिनों तक रोक कर रखा। अधिकारियों ने ‘टेक्निकल फॉल्ट’ का हवाला दिया, जबकि व्यापारी ने सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए थे।
व्यापारी सुरेश कुमार का यह वाहन 28 जनवरी को ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा था। बड़े ट्रक से माल को धनकुट्टी की गलियों तक पहुंचाने के लिए छोटे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान बाकरगंज चौराहे पर एसजीएसटी खंड-8 के अधिकारियों ने वाहन को रोक लिया और कागजात न होने का आरोप लगाया।
अधिकारियों द्वारा कागजात होने के बावजूद वाहन को रोके जाने की सूचना पर व्यापारी नेता विनोद गुप्ता ने हस्तक्षेप किया। फोन पर बात न बनने पर व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसजीएसटी मुख्यालय पहुंचा और ज्वाइंट कमिश्नर प्रशांत कुमार से मुलाकात की।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यह मामला टैक्स चोरी का नहीं, बल्कि केवल माल शिफ्टिंग का है। व्यापारियों के भारी दबाव के बाद एसजीएसटी अधिकारियों को आखिरकार वाहन छोड़ने का निर्देश देना पड़ा।
