एआर रहमान को अनूप जलोटा की सलाह: मुस्लिम होने से काम नहीं मिल रहा तो फिर से हिंदू हो जाएं, वीडियो वायरल
एआर रहमान के एक हालिया बयान ने संगीत जगत में नई बहस छेड़ दी है। एक इंटरव्यू में रहमान ने कहा कि पिछले आठ सालों से उन्हें मुस्लिम होने के कारण इंडस्ट्री में काम मिलना मुश्किल हो गया है। इस बयान पर कई सेलेब्रिटीज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भजन गायक अनूप जलोटा ने इस मुद्दे पर एक वीडियो जारी कर एआर रहमान को सलाह दी है। जलोटा ने कहा, ‘एआर रहमान पहले हिंदू थे, फिर उन्होंने इस्लाम अपनाया और खूब नाम कमाया। लेकिन अगर उन्हें लगता है कि मुस्लिम होने की वजह से उन्हें काम नहीं मिल रहा है, तो उन्हें दोबारा हिंदू धर्म अपना लेना चाहिए।’
जलोटा ने आगे कहा, ‘उन्हें यह विश्वास होना चाहिए कि हिंदू होने के बाद उन्हें फिर से फिल्में मिलनी शुरू हो जाएंगी। मेरी सलाह है कि वे हिंदू हो जाएं और देखें कि क्या उन्हें फिर से फिल्में मिलती हैं।’ अनूप जलोटा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले पर पहले कंगना रनौत ने भी रहमान पर ‘नफरत’ में अंधा होने का आरोप लगाया था। वहीं, प्लेबैक सिंगर शान ने कहा था कि कलाकारों को काम न मिलना धर्म से जुड़ा मामला नहीं है।
एआर रहमान ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा था कि सत्ता में बदलाव के कारण और क्रिएटिव न होने वाले लोगों के हाथों में सत्ता जाने से काम मिलना मुश्किल हुआ है। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि यह एक सामुदायिक मुद्दा भी हो सकता है।
