Aligarh Haj Yatra: 430 हाजियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित, जानें कब शुरू होगी यात्रा?
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के कैनेडी हॉल में हज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर यूपी स्टेट हज कमेटी लखनऊ और हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अलीगढ़ से हज यात्रा पर जाने वाले 430 हाजियों को हज के सभी रुक्नों (नियमों) के बारे में व्यावहारिक और सैद्धांतिक जानकारी देना था।
प्रशिक्षण शिविर में मास्टर हज ट्रेनर शारिक अल्वी ने हाजियों को हज के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। डॉ. मोहम्मद अब्बास नियाजी ने बताया कि हज केवल एक धार्मिक रस्म नहीं है, बल्कि यह शारीरिक और आर्थिक उपासना का एक संयोजन है। उन्होंने हाजियों के लिए हज और उमरा के रुक्नों को जानना महत्वपूर्ण बताया।
इमाम-ए-जुमा एएमयू सैयद जाहीद हुसैन ने कहा कि इस्लाम में कोई भी कार्य केवल रस्म नहीं होता, बल्कि उसका एक उच्च और महान उद्देश्य होता है। हज ट्रेनर मइनुद्दीन ने जानकारी दी कि इस वर्ष अलीगढ़ जिले से कुल 430 हाजियों को हज यात्रा पर भेजा जाएगा। शिविर में कई अन्य अधिकारी और ट्रेनर भी मौजूद रहे, जिन्होंने हाजियों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें यात्रा के लिए यात्रा के लिए तैयार किया।
