त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली में ऑनलाइन फूड सेंटर्स पर छापेमारी, एक्सपायर्ड और अशुद्ध सामान बरामद | delhi news
त्योहारों के मौसम में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राजधानी के कई इलाकों में ऑनलाइन फूड डिलीवरी और प्रमुख रिटेल कंपनियों के स्टोरेज सेंटर्स पर छापेमारी की गई, जहां बड़े पैमाने पर खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पकड़ी गई। इस कार्रवाई से खाद्य आपूर्ति तंत्र में हड़कंप मच गया है और मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।
उत्तम नगर में छापेमारी के दौरान अधिकारियों को फ्रोजन मटर, ग्रीक योगर्ट, चॉकलेट चिप ब्राउनी और घी जैसे कई उत्पाद एक्सपायरी डेट के बाद भी रखे मिले। वहीं वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के एक केंद्र में साफ-सफाई का बुरा हाल था, जहां खाने के सामान के पास मक्खियां, मच्छर और छिपकली घूमती पाई गईं। दरियागंज और रोहिणी के सेंटर्स पर भी गंदे क्रेट, धूल और चूहों से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं मिले, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का गंभीर खतरा मंडरा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक, जांच के दौरान लिए गए देसी घी के 59 नमूनों में से 19 असुरक्षित पाए गए हैं, जबकि चार नमूने गुणवत्ता के मानकों पर खरे नहीं उतरे। इस प्रकार की लापरवाहियों से सीधे तौर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
बढ़ती शिकायतों और गंभीर हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाजारों और भंडारण केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
