आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज ने जरूरतमंदों को बांटे 14 हजार कपड़े, ‘social work’ की मिसाल
आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जरूरतमंदों को 14 हजार से अधिक कपड़े और उपयोगी सामग्री वितरित की। यह वितरण “योर ओल्ड समवन गोल्ड” नामक अभियान के पांचवें चरण के समापन पर किया गया। इस अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग तक सहायता पहुंचाना है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान पिछले पांच वर्षों से चलाया जा रहा है। स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में कई कलेक्शन प्वाइंट स्थापित किए थे, जहां छात्रों और शिक्षकों ने कपड़े, खिलौने और दैनिक उपयोग की वस्तुएं दान कीं।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. मनु प्रताप सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम तिवारी शामिल हुए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। डॉ. पूनम तिवारी ने स्वयंसेवकों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि वह पिछले दो वर्षों से इस नेक कार्य से जुड़ी हुई हैं।
पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जॉन अभिषेक मसीह ने बताया कि इस वर्ष अभियान के दौरान लगभग 14 हजार कपड़े, खिलौने और अन्य उपयोगी वस्तुएं एकत्रित की गईं। डॉ. रचिता शर्मा ने जरूरतमंदों को वस्त्र और पुस्तकें वितरित कीं। इस पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉ. आयशा बेगम, डॉ. वेंकट स्वामी और डॉ. प्रवीन त्यागी के निर्देशन में हुआ, जिसमें अक्षय, कार्तिक, शिवम, कनक, शिवानी, हिमाशी, जानवी, काजल, राम और लव जैसे स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
