Agra Weather: बर्फीली हवाओं से कांपे लोग, 22-23 जनवरी को बूंदाबांदी का अलर्ट
आगरा में शनिवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे शहर की रफ्तार धीमी पड़ गई। आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य और ताजमहल पर 30 मीटर तक दर्ज की गई। कोहरे के कारण सुबह के समय गलन काफी बढ़ गई थी। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण शीत लहर में कमी आई है, जिससे तापमान में कुछ सुधार हुआ है। शुक्रवार-शनिवार की रात न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से शनिवार सुबह गलन रही। शहर के खुले क्षेत्रों, हाईवे और बाइपास पर कोहरे की चादर छाई रही। धूप निकलने पर कोहरा छंट गया, लेकिन शाम ढलने के बाद तापमान में गिरावट आने से गलन फिर बढ़ गई।
शनिवार को अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि का अनुमान जताया है। घना कोहरा छा सकता है और धूप देर से निकलने की वजह से ठंड हो सकती है। 20 जनवरी से कोहरे में कमी आएगी, जिसके बाद 22 व 23 जनवरी को बूंदाबांदी हो सकती है।
