Agra news: पत्नी की दूसरी शादी रुकवाने के लिए रात भर भटका पति, पुलिस से लगाई गुहार
आगरा में एक युवक ने अपनी पत्नी की दूसरी शादी रुकवाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई। युवक का दावा है कि उसकी पत्नी के साथ उसका निकाह पहले ही हो चुका है और उनके पास रजिस्ट्रेशन भी है। उसने आरोप लगाया कि पत्नी के परिवार ने जबरन दूसरा निकाह कराया। युवक ने रातभर पुलिस की मदद मांगी, लेकिन जब तक पुलिस मैरिज होम पहुंची, तब तक विदाई हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
मंटोला मैदान निवासी काशिफ खान का कहना है कि अप्रैल 2024 में उसने क्षेत्र की एक युवती के साथ निकाह किया। इसके बाद शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया। युवक का आरोप है कि युवती के घर वालों ने इस निकाह को मान्यता नहीं दी और वह युवती को जबरन अपने घर में रखे हुए थे। उसने पुलिस से शिकायत भी की, लेकिन मदद नहीं मिली। युवक ने बताया कि युवती के स्वजन ने झूठा तलाकनामा तैयार करा लिया, इस पर युवक ने 24 दिसंबर को हाईकोर्ट से शादी मान्य रहने का स्टे ले लिया।
पुलिस से मांगी मदद
युवक को पता चला कि 26 दिसंबर को फतेहाबाद रोड स्थित मैरिज होम में स्वजन युवती का दूसरा निकाह कर रहे हैं। इस पर युवक मंटोला थाने पहुंचा और पुलिस से शादी रुकवाने के लिए गुहार लगाई। पुलिस से मदद नहीं मिली तो एक वीडियो एक्स पर पोस्ट करके पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई। युवक ने 112 पर शिकायत की तो पुलिस उसे बसई चौकी पर ले गई। शुक्रवार देर रात युवक को लेकर पुलिस मैरिज होम पहुंची, लेकिन तब तक युवती की विदाई हो चुकी थी।
पुलिस का बयान
इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि शिकायत के बाद युवक के साथ पुलिस टीम शुक्रवार रात मैरिज होम गई थी। युवती की रुकसती की रस्म हो चुकी थी। स्वजन ने पूछताछ में बताया कि शादी दो महीने पहले हो चुकी थी। शुक्रवार को रुकसती का कार्यक्रम था। वहीं युवक का कहना था कि निकाह दो दिन पहले हुआ है। युवक के पास निकाह से जुड़े दस्तावेज नहीं थे। युवक को अगले दिन लिखित शिकायत और दस्तावेज लेकर आने को कहा गया था, लेकिन वह आया नहीं।
