Agra News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस की सदबुद्धि पदयात्रा
आगरा में राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी की घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को सदबुद्धि पदयात्रा का आयोजन किया। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर निकाली गई इस पदयात्रा में कांग्रेसजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में यह पदयात्रा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय नदरई गेट से शुरू हुई। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नदरई गेट, बारहद्वारी और सोरों गेट होते हुए माँ चामुंडा मंदिर तक का सफर तय किया, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
मनोज पाण्डेय ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी केवल एक आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने सरकार से इस मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने माँ चामुंडा मंदिर में प्रार्थना कर प्रदेश सरकार और संबंधित अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की कामना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस पदयात्रा में कई अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
