Agra News: स्टेशन परिसर में अव्यवस्था फैलाने वाले ई-रिक्शों के काटे चालान
आगरा रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मंगलवार को ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। स्टेशन के मुख्य गेट पर आड़े-तिरछे खड़े ई-रिक्शों के कारण यात्रियों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेश कुमार मीणा के नेतृत्व में टीम ने स्टेशन परिसर में पहुंचकर अव्यवस्था फैलाने वाले ई-रिक्शों की चाबियां जब्त कर लीं और उनके चालान काटे। प्रत्येक ई-रिक्शा चालक पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि पूर्व में भी ई-रिक्शा चालकों को स्टेशन परिसर में सुचारू यातायात बनाए रखने के संबंध में चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसका पालन नहीं किया। यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह जुर्माना लगाया गया है।
