Agra News: रास्ते के विवाद में फरसा-तलवार से हमला, कई लोग घायल
सिकंदरा के गांव मांगरोल गुर्जर में सार्वजनिक रास्ते पर मिट्टी डालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष पर आरोप है कि उन्होंने दूसरे पक्ष पर तलवार, कुल्हाड़ी और फरसा से जानलेवा हमला किया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की शुरुआत तब हुई जब एक पक्ष ने सार्वजनिक रास्ते पर मिट्टी डालकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान मोटर साइकिल से गुजर रहा एक युवक फिसलकर गिर गया। जब उसने रास्ते से मिट्टी हटाने को कहा तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर फरसा, कुल्हाड़ी, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में बीच-बचाव करने पहुंचे प्रदीप, छबराम, राम निवास सहित कई अन्य ग्रामीण भी घायल हो गए, जिन्हें सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित रामनिवास की तहरीर के आधार पर नेत्रपाल, ओमप्रकाश, प्रयाग सिंह, सचिन, अजय, अशोक, पवन, शिवम और कन्हैया सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
