तुर्कमान गेट हिंसा के बाद दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गाइडलाइन, जुमे की नमाज पर खास नियम
तुर्कमान गेट पर अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई अशांति के बाद दिल्ली पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यह कदम जुमे की नमाज के मद्देनजर उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संवेदनशील इलाकों और मस्जिदों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुमे की नमाज के बाद लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। इन इलाकों में दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया जाएगा। पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट के अलावा जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, चावड़ी बाजार, ईदगाह, सदर बाजार, बाटला हाउस, जाकिर नगर, शाहीन बाग, निजामुद्दीन, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, सीलमपुर और जहांगीरपुरी जैसे इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आई हैं। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने सांप्रदायिक दंगों की साजिश पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे तत्वों से सावधान रहना चाहिए जो सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। वहीं, जामा मस्जिद के शाही इमाम ने शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दरगाह फैज-ए-इलाही सुरक्षित है।
