मधेपुरा में हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार, 6 हथियार बरामद
मधेपुरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शाहजादपुर और नयानगर गांव में सोमवार की रात हुई छापेमारी में पुलिस ने न केवल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनके पास से एक राइफल, दो कट्टा, एक दो नाली बंदूक, एक मास्केट, एक लोडेड कारबाइन, कारबाइन की खाली मैगजीन, बिंडोलिया समेत 22 कारतूस और पांच खोखा भी बरामद किए हैं। इसके अलावा, तीन एंड्रायड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन गांवों में हथियार तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, दारोगा विक्की रविदास, रमेश प्रसाद यादव, जिला आसूचना इकाई की टीम और सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी की और गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों में शाहजादपुर गांव के विराट कुमार सिंह, नयानगर गांव के अंजय कुमार सिंह उर्फ छोटू और अमन कुमार सिंह शामिल हैं। हालांकि, गिरोह का एक अन्य सदस्य, रतवारा थाना क्षेत्र के बड़गांव का पवन कुमार सिंह, पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में पता चला है कि वे खगड़िया और मुंगेर जिलों से हथियार खरीदते थे और उन्हें आसपास के जिलों में बेचते थे। यह अंतरजिला गिरोह सक्रिय रूप से काम कर रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन तस्करों द्वारा अब तक कितने लोगों को हथियार बेचे गए हैं। एसपी ने यह भी खुलासा किया कि खरीदार इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इन तस्करों से संपर्क करते थे।
गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई से हथियार तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
