मंत्री इरफान अंसारी का भाजपा पर तीखा प्रहार, ‘इरफान फोबिया’ से ग्रस्त होने का लगाया आरोप
झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ‘SIR’ मुद्दे पर मचे विवाद के बाद अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ‘इरफान फोबिया’ से ग्रस्त है और उसे हर जगह इरफान ही नजर आते हैं। मंत्री ने कहा कि भाजपा बेबुनियाद आरोपों और झूठी व्याख्याओं के सहारे राजनीति करना चाहती है, लेकिन झारखंड की जनता सब समझती है और सच के साथ खड़ी है।
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि उनका बयान किसी भी तरह से असली बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के खिलाफ नहीं था। उन्होंने बताया कि कुछ फर्जी लोग नकली बीएलओ बनकर ग्रामीणों को डरा-धमकाकर पैसे वसूल रहे थे। जामताड़ा, जो साइबर फ्रॉड का हॉटस्पॉट है, में ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि नाम काटने का डर दिखाकर उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने ग्रामीणों से ऐसे फर्जी लोगों को पकड़कर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीएलओ निर्वाचन आयोग का अभिन्न अंग हैं और कोई भी फर्जी व्यक्ति उनकी जगह नहीं ले सकता। उनका मकसद केवल यह सुनिश्चित करना था कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम करे और किसी गरीब या वंचित का नाम गलत तरीके से न कटे।
भाजपा पर करारा प्रहार करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘उन्हें दिन-रात इरफान फोबिया हो गया है। सोते-जागते इरफान अंसारी ही नजर आते हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि चुनावों में भी उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता रहा है, लेकिन जनता ने ऐसे सस्ते हथकंडों को नकार दिया है। डॉ. अंसारी ने भाजपा पर सच से भागने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उन्हें मुद्दे चाहिए तो वे उनसे मांग सकते हैं। उन्होंने भाजपा से उनके बयानों को तोड़-मरोड़ने की कोशिश बंद करने और सच्चाई का सामना करने की नसीहत दी।
