कैमरून में फंसे धीरज जैन के पिता ने सांसद नवीन जैन से लगाई गुहार
अफ्रीका महाद्वीप के कैमरून में पिछले तीन महीनों से फंसे धीरज जैन के पिता धनपाल जैन ने शनिवार को स्थानीय सांसद नवीन जैन से उनके शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान धनपाल जैन ने अपने पुत्र की गंभीर स्थिति का उल्लेख करते हुए सांसद से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा धीरज पूरी तरह निर्दोष है और उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
धनपाल जैन ने आगे बताया कि तीन महीनों से कंपनी द्वारा धीरज का वेतन रोका गया है और उससे जबरन कार्य कराया जा रहा है, जिससे परिजनों की चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि धीरज के अनुबंध में स्पष्ट रूप से यह उल्लेख है कि यदि किसी भी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया होती है, तो वह भारत में ही होगी। इसके बावजूद, कंपनी द्वारा धीरज पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।
इस दौरान धनपाल जैन ने अपने परिवार की व्यथा बताते हुए कहा कि धीरज की मां एक गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी से ग्रसित हैं और वर्तमान में मुंबई में अपनी बेटी के पास रहकर अपना उपचार करा रही हैं। उन्होंने सांसद से भावुक अपील करते हुए कहा, “मेरे बेटे, बहू और नातिन के कैमरून में फंसे होने से हमारा पूरा परिवार टूट चुका है। मैं मानसिक तनाव के कारण अपनी नौकरी भी ठीक से नहीं कर पा रहा हूँ।”
सांसद नवीन जैन ने धनपाल जैन को आश्वासन दिया कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और कैमरून स्थित भारतीय उच्चायुक्त को इस संबंध में पत्र भेजे गए थे, जिन पर संज्ञान लिया गया है।
सांसद नवीन जैन ने यह भी जानकारी दी कि कैमरून स्थित भारतीय उच्चायोग के उच्चायुक्त विनय खंडूजा ने एक जवाबी पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि वे लगातार धीरज जैन, उनके परिजनों, नियोक्ता कंपनी और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में बने हुए हैं। उच्चायोग ने यह भरोसा दिलाया है कि धीरज जैन की भारत वापसी के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और इस मामले का जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा।
शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर, गर्दन की चोट बनी वजह
श्रद्धा कपूर को लगी चोट, ‘ईथा’ की शूटिंग रुकी, सेट पर अफरा-तफरी
ऋषभ पंत या केएल राहुल? दक्षिण अफ्रीका वनडे के लिए नए कप्तान का फैसला रविवार को
कार्तिक आर्यन 35 की उम्र में भी दिखते हैं युवा, जानें फिटनेस के राज़
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी की रस्में शुरू, मेहंदी की तस्वीरें वायरल
मुंबई: धारावी में भीषण आग, रेलवे सेवाएं प्रभावित, दमकल की गाड़ियां जुटीं
ऋषभ पंत बने भारत के 38वें टेस्ट कप्तान, विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर रचा इतिहास
