वाराणसी में मनाई गई मुलायम सिंह यादव की जयंती, नेताजी को किया गया याद
समाजवादी पार्टी ने जिला कार्यालय अर्दली बाजार में पूर्व रक्षामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा प्रासंगिक बने रहेंगे। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों एवं पिछड़े समाज के हक, अधिकार और उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया।
जयंती के अवसर पर वाराणसी की सभी विधानसभाओं में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पार्टीजनों ने नेताजी को स्मरण किया। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि न्यायप्रिय राजनीति और समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ मुलायम सिंह यादव की कमी हमेशा महसूस होगी। उन्होंने शोषित, वंचित, उत्पीड़ित व पिछड़े वर्ग के प्रति जो योगदान दिया, उसे सदैव याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने राजनीति को राजमहल की चारदीवारी से मुक्त कराकर उसे सड़कों और गांवों तक पहुंचाया। उन्होंने राजनीति को आम आदमी के करीब लाने का अभूतपूर्व कार्य किया।
इस कार्यक्रम में डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, रामसिंह यादव, ई. रामनरेश यादव, राजेश यादव नत्थू, हरीश मिश्रा, शशी यादव, अखिलेश यादव, नंदलाल कन्नौजिया, हीरू यादव, विद्या भारती, लवकुश पगड़ी, रामकुमार यादव, राजेंद्र प्रसाद, रामबचन, मनोज यादव गोलू, धर्मवीर पटेल, दया यादव, सतेन्द्र यादव, रामसिंह भारद्वाज, सचिन प्रजापति, सलमा बेगम, संजय पहलवान, शिवप्रसाद गौतम, रामकिंकर पटेल, यशोदा पटेल, सुशील शर्मा, कौशल्या यादव, अजय यादव, जयप्रकाश सुभाष सोनकर और दुर्गा यादव सहित अनेक प्रमुख लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और नेताजी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। सभी ने उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
