वाराणसी में सड़क हादसे में कारोबारी की मौत, हत्या की आशंका पर चक्का जाम
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में दानगंज पुलिस चौकी के पास वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में सोनू गुप्ता (26 वर्ष) नामक मैजिक वाहन चालक और खाद्यान्न व्यवसायी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कपीसा ग्राम के पास हुआ। सोनू गुप्ता मवईया (चोलापुर) के निवासी थे और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी शादी डेढ़ वर्ष पूर्व काजल से हुई थी।
अचानक हुई इस मौत की खबर से पत्नी काजल समेत पूरे परिवार में मातम पसर गया है। परिवार वाले इस घटना को महज हादसा नहीं मान रहे, बल्कि हत्या का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि करीब पांच महीने पहले भी कुछ मनबढ़ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते सोनू के मैजिक वाहन को रोककर उनसे मारपीट की थी और राशन की खरीदारी व भाड़ा ढुलाई के करीब तीस हजार रुपये लूट लिए थे। इसी पुराने विवाद के चलते उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल के पास फोरलेन सड़क का निर्माण अधूरा होने और गड्ढे होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसी को देखते हुए एनएचएआई ने कुछ समय पहले कपीसा मोड़ के पास मिट्टी का ढेर लगाकर आवागमन रोक दिया था। हालांकि, बाद में मिट्टी का कुछ हिस्सा हटा दिया गया और आवागमन फिर से शुरू हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन, आक्रोशित परिजनों ने पुलिस का विरोध करते हुए सीएससी चोलापुर से स्टेचर पर रखे शव को लेकर थाने के सामने चक्का जाम करने का प्रयास किया। पुलिस के रोकने पर परिजन शव समेत करीब एक किलोमीटर दूर सड़क (बाईपास) पर पहुंच गए और चक्का जाम कर दिया। इससे वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
जाम के दौरान परिजन नामजद मुकदमा दर्ज करने और दानगंज बाजार निवासी एक व्यवसायी व उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर फॉरेंसिक टीम और क्यूआरटी टीम भी पहुंची। काफी समझाने-बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस जाम खुलवाने में सफल रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी संभावित कोणों से जांच शुरू कर दी है।
विकसित भारत 2047: बीएचयू और सीआईआई के बीच सहयोग के लिए MoU पर हस्ताक्षर
राजकीय बीज भंडार काशीविद्यापीठ का निरीक्षण: किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज की पर्याप्त उपलब्धता का आश्वासन
वाराणसी में ऑटो में लगी भीषण आग, बैटरी स्पार्किंग बनी वजह, मची अफरा-तफरी
वाराणसी में मनाई गई मुलायम सिंह यादव की जयंती, नेताजी को किया गया याद
वाराणसी में कफ सिरप माफिया के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल
दालमंडी में विकास नहीं, राजनीतिक ध्वस्तीकरण कर रही सरकार: अखिलेश यादव
