कैब चालक ने खोला सौरभ हत्याकांड का राज: 14 दिन के टूर पर मुस्कान-साहिल की मौज-मस्ती
मेरठ का बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड मामले में अदालत में शुक्रवार को कैब चालक अजब सिंह ने अपनी गवाही पूरी की। लगभग पांच घंटे तक चली गवाही में अजब सिंह ने हत्यारोपी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल के 14 दिनों के हिमाचल दौरे का पूरा कच्चा चिट्ठा अदालत के सामने रखा। उसने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद मुस्कान और साहिल उसके साथ शिमला, मनाली और कसोल घूमने गए थे।
अजब सिंह ने बताया कि मुस्कान ने ऑनलाइन 54 हजार रुपये का भुगतान करके उसकी कैब बुक की थी। यात्रा के दौरान, मुस्कान अक्सर फोन पर किसी से निजी बातचीत करने के लिए गाड़ी से दूर चली जाती थी। वह अपनी बेटी को वीडियो कॉल करके कहती थी कि कुछ देर में पापा से बात करा देगी। चालक ने अदालत को कई पबों के नाम भी बताए जहाँ आरोपी जाते थे। उसने यह भी बताया कि वे रोजाना शराब की बोतलें मंगाते थे और पबों में डांस करते थे। यहां तक कि कसोल के एक पब में उन्होंने होली भी खेली थी।
यह घटना 3 मार्च की रात की है, जब ब्रह्मपुरी के इंद्रानगर निवासी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की निर्मम हत्या कर दी थी। शव के चार टुकड़े कर उसे नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से जमा दिया गया था। हत्या के बाद, मुस्कान और साहिल ने किसी को शक न हो, इस मंशा से तुरंत हिमाचल की यात्रा पर निकल गए थे।
अजब सिंह ने अपनी गवाही में यह भी खुलासा किया कि कसोल में मुस्कान ने साहिल का जन्मदिन भी मनाया था। जब बाद में इस हत्याकांड का खुलासा हुआ, तब चालक को अपनी यात्रा के पीछे की भयानक सच्चाई का पता चला कि वह एक हत्या के बाद भाग रहे अपराधियों के साथ घूम रहा था।
इस मामले में अब तक 36 गवाहों में से कई महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं, जिनमें मृतक के भाई, रिपोर्ट दर्ज कराने वाले हेडमोहर्रिर, सौरभ की मां, उसके दोस्त, हथियार विक्रेता, ड्रम बेचने वाला दुकानदार और पोस्टमार्टम करने वाली टीम के सदस्य शामिल हैं।
