घरेलू कलह से तंग युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर गंवाई जान
मथुरा जनपद के फरह थाना क्षेत्र में घरेलू कलह से तंग आकर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान बालकिशन उर्फ बालो के रूप में हुई है, जो रोडवेज में अनुबंधित बस चालक के तौर पर कार्यरत था।
घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सारस्वत पाड़ा निवासी बालकिशन का मंगलवार को किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद से क्षुब्ध होकर वह रात करीब 11 बजे के बाद घर से अचानक निकल गया।
पति के घर से अचानक गायब हो जाने के बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक तलाशने के बाद उसका शव फतिहा रेलवे पुल के नीचे रेलवे लाइन के समीप क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
फरह थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घरेलू कलह के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
