हमास जैसी साजिश: NIA ने लाल किला ब्लास्ट मामले में जैश आतंकी को दबोचा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लाल किला के बाहर हुए धमाके के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया है। यह आतंकी, कार धमाके को अंजाम देने वाले जैश आतंकी डॉ. उमर नबी बट का मुख्य सहयोगी बताया जा रहा है।
NIA की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पता चला है कि यह आतंकी मॉड्यूल दिल्ली और देश के अन्य प्रमुख शहरों को हमास की तरह रॉकेट और ड्रोन से हमला करने की योजना बना रहा था। यह मॉड्यूल जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे कई राज्यों में अपनी जड़े जमा रहा था, लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस की सक्रियता से इस बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया और मॉड्यूल के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
NIA ने जसीर बिलाल की गिरफ्तारी से पहले रविवार को फरीदाबाद से तारिक उर्फ आमिर राशिद अली को भी गिरफ्तार किया था, जिसने आत्मघाती धमाके में मारे गए जैश आतंकी उमर नबी बट को कार खरीदवाने में मदद की थी।
इस आतंकी मॉड्यूल का नेटवर्क कई राज्यों में फैला होने की आशंका के चलते NIA ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में रविवार से ही ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस मॉड्यूल से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
NIA के अनुसार, मूल रूप से कश्मीर का रहने वाला जसीर बिलाल उर्फ दानिश ड्रोन बम बनाने की साजिश में भी शामिल था। वह कार बम विस्फोट का भी मास्टरमाइंड था, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी और 32 अन्य घायल हुए थे। उसने रॉकेट बनाने के प्रयास के माध्यम से आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए तकनीकी सहायता भी प्रदान की थी।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के काजीगुंड का रहने वाला जसीर बिलाल, हमलों की योजना बनाने वाले मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक माना जा रहा है। उसने उमर नबी बट के साथ मिलकर इस आतंकी नरसंहार की योजना बनाई थी। NIA इस घटना के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। आतंकवाद विरोधी एजेंसी की कई टीमें आतंकी हमले में शामिल हर व्यक्ति की पहचान करने के लिए कई राज्यों में तलाशी अभियान चला रही हैं और संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की जा रही है।
भारत-रूस शिखर सम्मेलन की तैयारी: मॉस्को में जयशंकर और लावरोव की मुलाकात
यमुना विहार के पार्कों में लौटेगी हरियाली, दिल्ली नगर निगम की नई पहल
NSA डोभाल और रूसी समकक्ष की मुलाकात: पुतिन की भारत यात्रा पर केंद्रित रही चर्चा
जैश-ए-मोहम्मद का पुनरुत्थान? दिल्ली धमाके पर इतालवी पत्रकार का सनसनीखेज दावा
जयशंकर मास्को में, पुतिन की भारत यात्रा से पहले द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा
DU प्रोफेसर से हाथापाई: DUSU संयुक्त सचिव दीपिका झा पर गिरी गाज, निलंबन की सिफारिश
ट्रंप की ‘अमेरिका प्रथम’ नीति से अमेरिकी अर्थव्यवस्था की नींव कमजोर
दिल्ली विस्फोट के समर्थन में पोस्ट: असम में 21 गिरफ्तार, सीएम ने दी चेतावनी
