दिल्ली में ‘पोर्टर’ निकला चरस तस्कर, सामान की आड़ में करता था नशे की होम डिलीवरी
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो सामान की होम डिलीवरी के बहाने ग्राहकों तक चरस भी पहुंचाता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है, जिसके पास से पुलिस ने 155 ग्राम चरस और एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में, तिलक नगर थाना पुलिस की टीम स्वर्ग आश्रम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस को देखते ही वह व्यक्ति घबरा गया और अपनी स्कूटी छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम महेंद्र गुप्ता और बुराड़ी का निवासी बताया। जांच के दौरान पता चला कि महेंद्र पोर्टर के काम की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करता था। तलाशी लेने पर उसके चमड़े के पाउच से दो पैकेट मिले, जिनमें 51 ग्राम गीली चरस और 104 ग्राम सूखी चरस थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली।
महेंद्र पर पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उसने पुलिस को बताया कि चरस की यह खेप उसे एक नजदीकी रिश्तेदार से मिलती थी, जो इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीदता था। आसानी से पैसा कमाने के लालच में उसने यह धंधा शुरू किया था। वह पोर्टर के रूप में जिन जगहों पर डिलीवरी देने जाता था, वहीं कुछ लोगों से उसके संपर्क बन गए, जो घर पर चरस की डिलीवरी चाहते थे। पुलिस अब महेंद्र गुप्ता के सभी संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
