बिग बॉस 19: जय मदान के खुलासे से फराहना हैरान, तान्या के छलके आंसू
बिग बॉस 19 का ‘वीकेंड का वार’ इस बार बेहद खास और भावुक कर देने वाला रहा, जब मंच पर सेलिब्रिटी ज्योतिषी जय मदान ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। होस्ट रोहित शेट्टी ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद जय मदान ने घर के फाइनलिस्ट और अन्य प्रतियोगियों के भविष्य और अतीत से जुड़े कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने शहबाज बदेशा, गौरव खन्ना और अमाल मलिक सहित कई अन्य प्रतिभागियों के बारे में भी महत्वपूर्ण बातें बताईं।
जय मदान ने प्रत्येक प्रतियोगी से एक कागज पर हस्ताक्षर करने को कहा। इन हस्ताक्षरों का विश्लेषण करते हुए उन्होंने अपनी भविष्यवाणियां कीं। प्रतियोगियों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए जय मदान ने कई अहम बातें साझा कीं। जब फराहना भट्ट ने उनसे पूछा, “मुझे सफलता कब मिलेगी?” तो जय ने उन्हें चौंकाते हुए जवाब दिया, “आपको सफलता का सही मतलब ही नहीं पता।” इस जवाब से फराहना पूरी तरह से स्तब्ध रह गईं।
अमाल मलिक से बात करते हुए जय ने कहा, “आपको दुश्मनों की ज़रूरत नहीं है।” अमाल ने उनकी बात से सहमति जताते हुए कहा, “मैं खुद अपना दुश्मन हूं।” इसी क्रम में, जय ने आश् नूर का सामना किया और उन्हें यह एहसास कराया कि उन्हें जिस व्यक्ति पर भरोसा है, उसके इर्द-गिर्द अपनी पूरी दुनिया बनाने की जरूरत नहीं है। सेलिब्रिटी ज्योतिषी ने समझाया, “जब कोई पसंद आ जाए, तो उसके आस-पास दुनिया नहीं बसाई जाती।”
प्रतियोगियों से बातचीत जारी रखते हुए जय मदान तान्या मित्तल के पास पहुंचीं। उन्होंने तान्या के हस्ताक्षर देखकर एक परेशान करने वाले अतीत का संकेत दिया। जय ने कहा, “आपके सिग्नेचर को देख के लगता है कि आपको बहुत बुली किया गया है।” यह बात सुनकर तान्या खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूट कर रोने लगीं। जय ने तान्या को गले लगाकर सांत्वना दी। जय के दिलासा देने पर तान्या ने अपने मुश्किल भरे बचपन और अतीत के अनुभवों को साझा किया, जिससे घर का माहौल काफी भावुक हो गया।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को और भी मनोरंजन देखने को मिलेगा। प्रणित मोरे एक विशेष रोस्ट स्टैंड-अप एक्ट प्रस्तुत करेंगे, जिससे घर में हंसी का माहौल बनेगा। इसके अतिरिक्त, होस्ट रोहित शेट्टी ‘खतरों के खिलाड़ी’ के शॉक बैंड स्टंट के जरिए प्रतियोगियों को एक नया चैलेंज देंगे। यह भी जानकारी सामने आई है कि बिग बॉस 19 का समापन दिसंबर के पहले सप्ताह में हो जाएगा।
