आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू, प्रशासन के कड़े इंतजाम | agra news
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह नवीन गल्ला मंडी स्थल पर कड़े सुरक्षा पहरे के बीच शुरू हो गई है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है, जिसे लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मंडी परिसर के भीतर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और मुख्य द्वार पर सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा मतगणना को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए कुल 14 टेबलें लगाई गई हैं, जिन पर 510 कार्मिकों की ड्यूटी तय की गई है। सबसे पहले मतपत्रों की 100-100 की गड्डियां तैयार कर गिनती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थल का जायजा ले रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न बचे।
मतगणना स्थल के बाहर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी और अन्य दलों के प्रत्याशी तथा उनके समर्थक सुबह से ही डटे हुए हैं और अपने एजेंटों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 12 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला जल्द ही सामने आने की उम्मीद है।
