जामिया मिलिया इस्लामिया की दीवारों पर मिले आपत्तिजनक नारे और फ्री कश्मीर के संदेश | delhi news
दिल्ली के प्रतिष्ठित जामिया मिलिया इस्लामिया परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब यूनिवर्सिटी की दीवारों पर देशविरोधी और आपत्तिजनक नारे लिखे दिखाई दिए। सामने आई तस्वीरों में नीले और लाल रंगों से ‘फ्री कश्मीर’ और ‘फ्री शरजील इमाम’ के अलावा आरएसएस के खिलाफ भी अमर्यादित टिप्पणियां उकेरी गई थीं। हालांकि, जैसे ही प्रशासन का ध्यान इस ओर गया, तुरंत उन दीवारों को साफ करवा दिया गया, लेकिन इस घटना ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे वक्त में सामने आया है जब छात्र संगठन लंबे समय से जामिया में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। ‘यूनाइटेड स्टूडेंट्स ऑफ जामिया’ के बैनर तले छात्र मौजूदा सत्र के लिए चुनाव तिथियां घोषित करने की मांग कर रहे हैं। वर्ष 2006 से भंग पड़े छात्र संघ को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर चल रहे इस प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और छात्रों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारी छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निलंबन और प्रवेश प्रतिबंध जैसी पाबंदियां भी लगाई गई हैं, जिसके विरोध में छात्र मुखर हैं।
शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की बयानबाजी और दीवारों पर विवादित नारे लिखे जाने से शहर की फिजा में तनाव का अंदेशा बढ़ गया है। इस तरह की घटनाएं आम जनजीवन और छात्रों के शैक्षणिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। फिलहाल, इन नारों के पीछे किसका हाथ है और किसने ये हरकत की है, इसकी पहचान के लिए सुरक्षा एजेंसियां और विश्वविद्यालय प्रशासन आंतरिक स्तर पर जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
