0

मथुरा: कान्हा माखन स्कूल बस का स्टेयरिंग फेल, एआरटीओ ने दिए जांच के आदेश

By Nov 13, 2025

मथुरा। बुधवार को मथुरा के व्यस्ततम होलीगेट चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब कान्हा माखन स्कूल की एक बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। दोपहर करीब ढाई बजे, स्कूल की छुट्टी के बाद यह बस कोतवाली की ओर से होलीगेट होते हुए विकास मार्केट की तरफ मुड़ रही थी, तभी चौराहे पर बस का स्टेयरिंग काम करना बंद कर दिया।

स्टेयरिंग फेल होने के कारण बस अनियंत्रित होकर चौराहे पर तिरछी खड़ी हो गई। इस घटना से यात्रियों और आस-पास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि बस की गति धीमी थी, अन्यथा एक बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता था। बस के अचानक तिरछे खड़े होने से शहर के इस महत्वपूर्ण चौराहे पर तत्काल भीषण जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को चौराहे से एक ओर हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इस दौरान, बस के कागजातों की प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

यातायात उपनिरीक्षक (TSI) मुकेश कुमार ने बताया, “बस चालक के पास लाइसेंस नहीं था। पूछने पर उसने ‘ऑन डिमांड लाइसेंस’ होने की बात कही, लेकिन मौके पर कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके अलावा, बस के पास प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र भी नहीं मिला।”

मामले की गंभीरता को देखते हुए, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) प्रवर्तन राजेश राजपूत ने बस की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। राजपूत ने बताया, “जिस कान्हा माखन स्कूल की बस का स्टेयरिंग फेल हुआ है, उसकी जांच आरआई फिटनेस से कराई जाएगी। पूर्व में भी सभी स्कूल संचालकों को अपने वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए पत्र लिखे गए थे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।” इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और उनके रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें