लखनऊ चर्चित शिवा मर्डर केस में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे और उसके बॉयफ्रेंड आमिर की भूमिका की जांच तेज | crime news
लखनऊ में हुए चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच अब कई सनसनीखेज मोड़ों से गुजर रही है। मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसके तथाकथित बॉयफ्रेंड आमिर को भी हिरासत में लिया है। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब यह सवाल सामने आया कि एक तरफ जहां श्रद्धा के संबंधों की चर्चा आमिर से थी, वहीं मृतक शिवा शर्मा के साथ उसका क्या रिश्ता था, जिसकी परतें अब पुलिस टटोल रही है।
जांच के मुताबिक, नौ अक्टूबर की रात लखनऊ से फरार होने के बाद श्रद्धा लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदलती रही। इस दौरान आमिर ने उसकी मदद करते हुए न सिर्फ उसे नेपाल बॉर्डर तक पहुंचाया, बल्कि फर्जी पहचान पत्र के आधार पर लिया गया सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी मुहैया कराया। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि फरारी के दौरान किन लोगों ने उसे शरण दी और इस साजिश में कौन-कौन और शामिल था। नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने की प्रक्रिया चल रही है, जहां पूछताछ के बाद कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
