आगरा मेट्रो का सदर बाजार तक तीन किलोमीटर का ट्रायल रन सफल, मॉल रोड पर पहली बार दौड़ी ट्रेन | agra news
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने आगरा में परिवहन सेवाओं को विस्तार देते हुए एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया है। द्वितीय कॉरिडोर के अंतर्गत आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनने वाले मार्ग पर डिपो से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन तक ट्रेन का सफल ट्रायल रन संपन्न हुआ। पहली बार मॉल रोड से मेट्रो ट्रेन के गुजरने का नज़ारा देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई।
यह परीक्षण फूल सैयद चौराहा स्थित मेट्रो डिपो की एंट्री लाइन से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन के बीच तीन किलोमीटर लंबे डाउन लाइन खंड पर किया गया। परीक्षण सफलतापूर्व पूरा होने के बाद ट्रेन को वापस डिपो लाया गया। इस मार्ग की अप लाइन पर भी ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। इसके अलावा, मेट्रो संचालन के लिए जरूरी थर्ड रेल का विद्युत कार्य भी पिछले सप्ताह ही पूरा किया गया था, जिससे तकनीकी तैयारियां पुख्ता होती दिख रही हैं।
परियोजना के अधिकारियों के अनुसार, आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक के हिस्से को प्राथमिकता स्ट्रेच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस कॉरिडोर पर निर्माण कार्यों में तेजी आने से शहर के भीतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। आम जनता के लिए इस सेवा के शुरू होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि सड़क मार्ग पर यातायात का दबाव भी काफी हद तक कम होगा।
