आगरा के वेटलैंड्स में समय से पहले पहुंचे प्रवासी पक्षी, बढ़ी रौनक | agra news
सर्दियों की दस्तक के साथ ही उत्तर प्रदेश के ताज नगरी आगरा स्थित वेटलैंड्स गुलजार होने लगे हैं। सूरसरोवर पक्षी विहार में विभिन्न देशों से आने वाले प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट गूंजने लगी है, जिसमें नार्दन शोवलर, पिनटेल, गार्गेनी और ब्लैक-टेल्ड गाडविट जैसी प्रजातियां शामिल हैं। इस बार हैरानी की बात यह है कि ये मेहमान समय से काफी पहले ही सुरक्षित ठिकानों पर पहुंच चुके हैं।
स्थानीय स्तर पर पर्यावरण में हुए सकारात्मक बदलावों और बेहतर संरक्षण के चलते पिछले कुछ वर्षों में यहाँ आने वाले जलीय पक्षियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष दर वर्ष पक्षियों की संख्या बढ़ रही है, जिससे यह साबित होता है कि सूरसरोवर पक्षी विहार इन मेहमानों के लिए एक आदर्श और सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। इस वृद्धि से न केवल स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में पयर्टन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रवासी पक्षियों के आने के चक्र में आ रहे बदलाव जलवायु परिवर्तन और क्षेत्रीय पर्यावरणीय स्थितियों का परिणाम हैं। शोधकर्ताओं और वन्यजीव विशेषज्ञों द्वारा इस बार पक्षी गणना में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि हर प्रजाति का सटीक आंकड़ा जुटाया जा सके। नवंबर महीने तक इनकी संख्या में और अधिक इजाफा होने की पूरी उम्मीद है, जिससे वन्यजीव प्रेमियों को एक अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।
