मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया | delhi news
राजधानी दिल्ली के संवेदनशील इलाके जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था उस समय धरी की धरी रह गई जब अचानक सैकड़ों की संख्या में छात्र और राजनीतिक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। यह पूरा विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न संगठनों से जुड़े 400 से अधिक लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी अचानक अशोक रोड की तरफ से आगे बढ़ते हुए केरल भवन की ओर बढ़ने का प्रयास करने लगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और अन्य अर्धसैनिक बलों के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया और मार्च को बीच में ही रोक दिया।
इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प और नोकझोंक देखने को मिली। स्थिति के बेकाबू होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें बसों में भरकर वहां से ले जाया गया। इस अचानक हुए हंगामे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात और आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
