यूएई ने फ्लाईदुबई विमान हाईजैक की कोशिश को माना आंतकी कृत्य, भारतीय पायलट की सराहना | international news
संयुक्त अरब अमीरात ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ1073 को हाईजैक करने के प्रयास को आधिकारिक रूप से आतंकवाद की श्रेणी में रखा है। यूएई के राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार अनवर गर्गश ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे सीधे तौर पर आंतकवादी कृत्य बताया है। यह पहला मौका है जब खाड़ी देश की ओर से इस मामले को इस गंभीर रूप में परिभाषित किया गया है।
संकट के समय दिखाई बहादुरी
इस खतरनाक स्थिति के दौरान विमान का संचालन कर रहे भारतीय पायलट स्मित मच्छार की देश-दुनिया में तारीफ हो रही है। यूएई के वरिष्ठ अधिकारी ने पायलट की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी जिस प्रकार पेशेवर रुख और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह अनुकरणीय है। सबसे चुनौतीपूर्ण माहौल में उनका यह नैतिक साहस उन्हें एक वास्तविक नायक बनाता है। इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा पर मंडरा रहा बड़ा खतरा टल गया था, जिससे एक संभावित बड़ी विमानन त्रासदी टल गई।
जांच और सुरक्षा के कड़े निर्देश
कॉकपिट में घटी इस अप्रत्याशित घटना के बाद विमान को तुरंत सऊदी अरब की तरफ डायवर्ट करना पड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूएई के अटॉर्नी जनरल ने गहन जांच के आदेश जारी किए हैं। एक विशेष लोक अभियोजन टीम का गठन किया गया है, जो विमान के भीतर हुई प्रत्येक गतिविधि के सबूत जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरक्षा में यह चूक कहां और कैसे हुई। इस घटना के सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सिरे से समीक्षा शुरू हो गई है।
