प्रेमानंद महाराज के आश्रम में शिष्यों के नियमों में बदलाव, दीपक लोधी की मौत के बाद सख्ती | mathura news
वृंदावन में आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम से जुड़े एक युवा शिष्य की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के बाद आश्रम प्रबंधन ने सुरक्षा और अनुशासन को देखते हुए शिष्यों के लिए नियमों में कड़े बदलाव किए हैं, जो तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
आश्रम प्रबंधन द्वारा जारी नई गाइडलाइंस के अनुसार, जो शिष्य गृहस्थ जीवन या किसी व्यवसाय से जुड़े हैं, उन्हें अब सफेद वस्त्र पहनने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे शिष्यों और सेवा कार्यों से जुड़े लोगों के लिए सामान्य कुर्ता-पायजामा पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। सफेद वस्त्र पहनने का अधिकार केवल उन्हीं सदस्यों को होगा जो सीधे तौर पर आश्रम की आंतरिक व्यवस्था और विशेष सेवाओं में तैनात हैं।
बता दें कि गत 25 सितंबर को गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से गिरकर दीपक लोधी उर्फ रसिक शरण दुलारी की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद से ही आश्रम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। इस घटना के बाद से आम जनमानस और स्थानीय लोगों में भी विभिन्न चर्चाओं का दौर जारी है, जिससे आश्रम की छवि पर असर पड़ रहा है।
इस बीच, संत समाज ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। परिक्रमा मार्ग स्थित एक स्थानीय आश्रम में धर्म रक्षा संघ के बैनर तले हुई संतों की बैठक में इस मामले को गंभीरता से उठाया गया। संतों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
