Lucknow News: मवैया पुल के पास सड़कों पर जानलेवा गड्ढे, स्थानीय लोगों ने कैंडल जलाकर किया प्रदर्शन
राजधानी लखनऊ में जर्जर सड़कों और प्रशासनिक लापरवाही के कारण आम जनता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मवैया पुल के पास का है, जहां लगभग 500 मीटर के दायरे में 40 से अधिक खतरनाक गड्ढे बन चुके हैं। रेलवे क्रॉसिंग तक दोनों तरफ यदि छोटे-बड़े सभी गड्ढों को जोड़ा जाए तो इनकी संख्या 150 से अधिक हो जाती है। इन गड्ढों के कारण रोजाना दोपहिया वाहन चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की इस लचर कार्यशैली से त्रस्त होकर स्थानीय लोगों ने अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने गड्ढों के पास कैंडल जलाकर प्रशासन की नींद तोड़ने का प्रयास किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो जनता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
सड़कों के धंसने और गड्ढों के कारण केवल मवैया ही नहीं, बल्कि निशातगंज से लक्ष्मण पार्क जाने वाले मार्ग पर भी स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। लक्ष्मण पार्क के सामने सड़क धंसने से लगभग 15 फीट लंबी और 30 फीट गहरी खाई जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालांकि विभाग ने फौरी तौर पर मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी करने की कोशिश की है, लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि जब तक मिट्टी को वैज्ञानिक और ठोस तरीके से नहीं बांधा जाएगा, तब तक बड़ा हादसा होने का खतरा टलने वाला नहीं है। इस व्यस्त मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन केडी सिंह स्टेडियम, कमिश्नर कार्यालय और कैसरबाग बस अड्डे की तरफ आते-जाते हैं, जिससे हर समय खतरे की आशंका बनी रहती है।
