आरक्षण के खिलाफ आंदोलन सरकार करवा रही: चंद्रशेखर आजाद, सवर्णों को दी ये सलाह
नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा और सुधार की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा आंदोलन सरकार की ओर से करवाया जा रहा है और आंदोलनकारी जाति जनगणना व आर्थिक आंकड़ों से डरे हुए हैं। आजाद ने कहा कि 85 प्रतिशत बहुजन समाज ऐसे लोगों को बख्शेगा नहीं।
चंद्रशेखर ने सवर्ण समाज को सलाह दी कि यदि उन्हें लगता है कि कोई राजनीतिक दल उनकी बात नहीं सुन रहा है, तो उन्हें अपना दल बनाना चाहिए। इसके बाद वे लोकसभा व राज्यसभा में अपने प्रतिनिधि भेजकर कानून बनाने के बारे में सोच सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरक्षण कोई खैरात नहीं, बल्कि सदियों से सामाजिक भेदभाव झेलते समाज को संविधान द्वारा दिया गया प्रतिनिधित्व का अधिकार है।
उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आरक्षण व्यवस्था में किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आजाद समाज पार्टी किसी भी कीमत पर सामाजिक न्याय से समझौता नहीं करेगी। उन्होंने आरक्षण का विरोध करने वालों को तर्क, तथ्यों और संविधान के दायरे में खुली बहस की चुनौती दी।
जंतर-मंतर पर 21 अगस्त को बड़ी संख्या में लोगों ने आरक्षण व्यवस्था में समीक्षा और सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इसे आरक्षण खत्म करने की साजिश बता चुके हैं। चंद्रशेखर आजाद के बयान से यह मुद्दा और गरमा गया है, जिसका सीधा असर सामाजिक न्याय की व्यवस्था पर पड़ सकता है।
