बीमारी ठीक करने के नाम पर लाखों की ठगी और शोषण, शमसाबाद में तांत्रिक पर FIR
शमसाबाद क्षेत्र की एक महिला को तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और शारीरिक शोषण का शिकार बनाया गया है। पुलिस ने तांत्रिक विनोद कुमार और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना लोगों को अंधविश्वास के जाल से बचने की चेतावनी देती है।
महिला पिछले नौ माह से बीमार थी। परिचित के कहने पर वह शमसाबाद क्षेत्र के तांत्रिक विनोद कुमार के पास इलाज के लिए गई थी। आरोप है कि तांत्रिक ने महिला को अपने वश में कर लिया और झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद ब्लैकमेलिंग के जरिए तांत्रिक और उसके साथियों ने महिला से 6.50 लाख रुपये नकद, फोन-पे से कुछ रकम और आभूषण हड़प लिए। नकदी पति ने मैक्स वाहन खरीदने के लिए रखी थी।
आरोपितों ने कुछ आभूषण शमसाबाद के एक दुकानदार के पास गिरवी रख दिए और कुछ अपने पास रख लिए। इस साजिश में तांत्रिक की पत्नी, बंटू, बहादुर, मलखान और अन्य अज्ञात लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। जब महिला के पति ने आरोपित से पैसे और आभूषण वापस मांगे, तो उसने जान से मारने और पुलिस में जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इंस्पेक्टर सुरेन्द्र राव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तांत्रिक सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
